फैक्टरी में डाका डालने वाले चार और बदमाश गिरफ्तार
गाजियाबाद। 25 नवंबर को विजयनगर साउथ साइट औद्योगिक क्षेत्र में गार्ड और सहकर्मी को बंधक बनाकर 45 लाख का डाका डालने वाले चार और बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि दो बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है और उनकी निशानदेही पर अन्य दोनों को पकड़कर लूटा गया 1247 किलो तांबा बरामद किया है। मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है, इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। सीओ सिटी प्रथम अंशु जैन ने बताया कि पकड़े गए बदमाश विजयनगर निवासी शकील उर्फ शाका, सोताब, मसूरी निवासी फुरकान और क्रासिंग रिपब्लिक निवासी किशन शामिल है। शकील और फुरकान को मुठभेड़ में पकड़ा है। वारदात में 24 घंटे में खुलासा कर पुलिस 26 नवंबर को पांच बदमाशों को जेल भेज चुकी है। फैक्टरी में खिड़की की मरम्मत करने आए वेल्डर रोहित और शाहिद ने डकैती की पूरी साजिश रची थी। शाहिद अभी फरार है। उसकी गिरफ्तार करने के लिए टीमें लगी हैं।