चार दिन पहले हुई कहासुनी में छात्रों के बीच हुई चाकूबाजी, दो घायल
गाजियाबाद। एमएमएच इंटर कॉलेज के 11वीं कक्षा के दो छात्रों पर सोमवार दोपहर 15-20 युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने 11वीं कक्षा के पीयूष यादव के हाथ में और प्रदीप के पेट में चाकू से हमला किया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पीयूष का 17 नवंबर को कक्षा के ही सुंदर से किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। मामला पुलिस तक पहुंचा जिसमें दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। आरोप है कि इसी बात पर सोमवार को चाकू लेकर स्कूल पहुंचे युवकों ने पीयूष से कहा कि तूने ही पुलिस से हमारे भाई की शिकायत की है और यह कहते हुए हमला कर दिया।
पीयूष मूलरूप से बम्हेटा का रहने वाला है। वह पटेल नगर में अपने चाचा भूषण यादव के पास रहकर पढ़ाई कर रहा है। भूषण यादव ने बताया कि 17 नवंबर को हुए विवाद में दोनों छात्रों के परिजनों को बुलाकर बात की गई। जिसमें बच्चों के विवाद की बात कहकर दोनों में समझौता हो गया। पीयूष ने बताया कि वह सोमवार को स्कूल के पार्क में बैठकर अर्थला निवासी अपने दोस्त प्रदीप के साथ काम कर रहा था। इसी दौरान वहां आए 15-20 युवकों में से एक युवक ने कहा कि तूने ही हमारे भाई की शिकायत पुलिस से की थी। उसने उस मामले में समझौता होने की बात कही इतने में युवकों ने पीयूष पर चाकू से हमला कर दिया। पीयूष ने बचने के लिए हाथ बढ़ाया तो पीयूष के हाथ में चाकू लग गया। दूसरा हमलावर पीयूष पर पीछे से चाकू से वार करने लगा तो प्रदीप ने बचाव किया इतने में हमलावर ने प्रदीप के पेट में दो बार चाकू से हमला कर दिया। प्रदीप का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
नगर कोतवाली प्रभारी महेश सिंह राणा का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर हमलावरों की तलाश की जा रही है।