उद्यमी के घर डकैती डालने वाले फरार बदमाश को लिया रिमांड पर
गाजियाबाद। नेहरूनगर तृतीय के ई-ब्लॉक में सात अक्तूबर को उद्यमी रमन सरीन के घर 24 लाख की डकैती डालने के मामले में फरार चल रहे बदमाश विजय कुमार को सिहानी गेट पुलिस ने रिमांड पर लिया। विजय कुमार ने 14 अक्तूबर को नोएडा में आत्मसमर्पण कर दिया था। पुलिस ने रिमांड पर लेकर विजय की निशानदेही पर लूटी गई चेक बुक, स्टांप पेपर, गहने और तीन हजार की नकदी व तमंचा बरामद किया है।
सिहानी गेट थाना प्रभारी नरेश कुमार शर्मा ने बताया कि रिमांड पर लिया गया बदमाश विजय कुमार गौतमबुद्धनगर दनकौर के कनारसी का रहने वाला है। उद्यमी रमन सरीन के मकान में घुसने वाले तीन बदमाशों में से विजय कुमार एक है। रमन सरीन के मकान के अंदर अमित भड़ाना, सुधीर शर्मा और विजय गए थे। इनमें से पुलिस अमित को पूर्व में पकड़ चुकी है जबकि सुधीर को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था।
रमन सरीन के दोस्त संजीव छाबड़ा ने अपने नौकर अशोक कुमार के साथ मिलकर रमन सरीन के मकान में डकैती डालने की साजिश रची थी। अशोक ने अपने हिस्ट्रीशीटर बदमाश मामा राजकुमार को साजिश में शामिल करके वारदात को अंजाम दिया। 13 अक्तूबर को पुलिस घटना का खुलासा कर मास्टरमाइंड संजीव छाबड़ा समेत छह बदमाशों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनके अलावा एक नवंबर को पुलिस ने सुधीर को और वारदात को अंजाम देकर फरार रहे सभी बदमाशों को शरण देने वाली दो महिला समेत तीन को जेल भेजा था।