मशीन बेचने के नाम पर डॉक्टर से 1.21 करोड़ की धोखाधड़ी
गाजियाबाद। पटेल नगर द्वितीय निवासी डॉ. मनोज गोस्वामी के साथ अस्पताल के लिए मेडिकल मशीन व उपकरण कराने वाली फर्म के मालिक ने 1.21 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी कर ली। आरोप है कि उन्होंने साहिबाबाद स्थित स्पेस टाइम मेडिकल सिस्टम एंड हॉस्पिटल फर्नीचर के मालिक प्रमोद कुमार से संपर्क कर अपने अस्पताल के लिए मशीनें बुक की लेकिन 1.21 करोड़ रुपये लेने के बाद उन्होंने न तो मशीनें दी और न रुपये लौटाए। मामले में उन्होंने सिहानी गेट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
डॉ. मनोज गोस्वामी का कहना है कि उन्हें अपने अस्पताल सुशीला मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के लिए मेडिकल संबंधित मशीन व सामान लेने के लिए प्रमोद से संपर्क किया। उन्होंने 2.65 करोड़ रुपये का एस्टीमेट दिया। सौदा तय होने के बाद उन्होंने अलग-अलग तारीख पर 67 लाख रुपये दे दिए। इसके बाद उन्होंने एक बैंक से दो करोड़ रुपये का लोन करा लिया। इसमें से उन्होंने 54 लाख रुपये ओर दे दिए। आरोप है कि 1.21 करोड़ रुपये लेने के बाद प्रमोद में न मशीन उपलब्ध कराई और न रुपये लौटाए। जानकारी करने पर पता चला कि उनकी फर्म का जीएसटी पंजीकरण निलंबित है। थाना प्रभारी नरेश कुमार शर्मा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।