वीडियो कॉल पर अश्लील वीडियो बनाकर करती थीं ठगी, तीन युवतियां गिरफ्तार
गाजियाबाद। वीडियो कॉल करके लोगों की अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले गिरोह का विजयनगर पुलिस ने शनिवार को पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन युवतियों को गिरफ्तार किया है। ये एक वेबसाइट के जरिये लोगों से संपर्क करके उनसे अश्लील बात करके जाल में फंसाती थीं। इसके बाद मोबाइल नंबर लेकर व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल करती थीं। जिसे रिकॉर्ड करके उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रकम ऐंठती थीं। ठगी का यह धंधा प्रताप विहार में सैलून नेल वर्ल्ड नामक ब्यूटी पार्लर की आड़ में चल रहा था। ब्यूटी पार्लर संचालिका और गिरोह का सरगना फरार है। पुलिस उनकी तलाश में लगी है।
एसपी सिटी निपुण अग्रवाल ने बताया कि पकड़ी गई युवतियां गाजियाबाद और नोएडा की हैं। गिरोह का सरगना आकाश ब्यूटी पार्लर संचालिका के संपर्क में है जो युवतियों को ब्यूटी पार्लर में काम दिलाने के नाम पर फंसाता था और ठगी का धंधा कराता था। ये स्ट्रीपचैट साइट पर आईडी बनाकर युवतियों को देते थे। युवतियां साइट के जरिये लोगों से अश्लील बातचीत करती थीं।
ये सामान किया बरामद
पुलिस ने इनके पास से तीन मोबाइल फोन, तीन वेव कैमरा, दो आधार कार्ड, दो चेकबुक, दो पैन कार्ड, दो लैपटॉप और एक राउटर बरामद किया है।
विदेशियों को भी जाल में फंसाती थीं
पूछताछ और रिकॉर्ड से पता चला कि ये भारतीयों के साथ विदेशियों को भी जाल में फंसाती थीं। पुलिस ने इनके पास से दो खातों में 13 लाख रुपये के लेन देन मिला है। ये एक साल से इस धंधे को कर रही थीं। इनके सभी खातों की डिटेल खंगाली जा रही है।
एक हफ्ते के चार हजार रुपये देता था सरगना
विजयनगर थाना प्रभारी योगेंद्र मलिक ने बताया कि पूछताछ में आरोपी युवतियों से पता चला कि वह चार हजार रुपये एक हफ्ते के हिसाब से यहां काम करती थी। बाकी जितने लोग जाल में फंसते थे और रकम मिलती थी तो उस हिसाब से उन्हें उनमें से भी कुछ रकम बोनस के रूप में मिलता था।
साइबर सेल भी गिरोह को ट्रेस करने में जुटी
वीडियो कॉल के जरिये लोगों को फंसाने वाले और भी कई गिरोह सक्रिय हैं। इनमें लोग बदमानी के डर से पुलिस से शिकायत नहीं करते और शातिरों के जाल में फंसते रहते हैं। पुलिस ने पूर्व में भी कई गिरोह को पकड़ा है। साइबर सेल ऐसे ही गिरोह को ट्रेस करने में जुटी है। नंदग्राम में पूर्व में इस तरह का गिरोह पकड़ा जा चुका है।