बच्चा चोरी की अफवाह पर महिला को पीटा
गाजियाबाद। विजयनगर के सेक्टर-9 में शुक्रवार दोपहर लोगों ने बच्चा चोरी के शक और अफवाह में एक महिला की पिटाई कर दी। स्थानीय लोग महिला को थाने ले गए। पुलिस ने महिला से पूछताछ की तो पता चला कि महिला मानसिक रूप से कमजोर है, जो खाने की तलाश में घूम रही थी।
विजयनगर थाना प्रभारी योगेंद्र मलिक ने बताया कि महिला से पूछताछ की गई तो महिला बोल नहीं पा रही थी। उसने पुलिस को सिर्फ भूखे होने की जानकारी दी। इससे पता चला कि वह खाने की तलाश में थी, जो उसी दौरान एक घर के अंदर देख रही थी। ऐसे में लोगों ने उस पर बच्चा चोर होने का शक कर शोर मचा दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला का मेडिकल करवाकर शेल्टर होम में भेज दिया गया है। उसके परिवार के बारे में जानकारी की जा रही है।