टीना के परिजनों ने कार्रवाई न करने का आरोप लगा थाने पर किया हंगामा
मसूरी। थाना क्षेत्र के मिसलगढ़ी में छह सितंबर तड़के शक में पत्नी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में टीना के परिजनों ने शुक्रवार को मसूरी थाने पहुंचकर हंगामा किया। आरोप है कि पुलिस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है और न ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर रही। इस दौरान मृतका टीना की मां बेहोश होकर गिर पड़ी। आरोप है कि पुलिस ने धक्कामुक्की की और गिरने से वह बेहोश हो गई।
छह सितंबर की सुबह चार बजे कैफे संचालक गौरव ने अपने पत्नी टीना की शक में बेसबॉल के बल्ले से पीटा और उसके बाद उसका गला दबाकर हत्या कर दी थी। हत्या करने के बाद पांच बजे वह घर से निकालकर गोविंदपुरम के एक पार्क में चला गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने टीना के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था और आरोपी गौरव और उससे परिजनों को गिरफ्तार कर लिया था। मामले में टीना के परिजनों ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि इतने दिन बाद भी पुलिस ने अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की है। पुलिस उनसे अभद्रता से पेश आ रही है और मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दे रही है। एसपी देहात डॉ. ईरज राजा का कहना है कि मामले में परिजनों को समझाया गया है। मामले में जांच की जा रही है। जांच में जो आरोपी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।