तीन दिन से घरों पर पथराव, पुलिस ने दे दी चौकीदार रखने की नसीहत
गाजियाबाद। सिहानी गेट थाना क्षेत्र न्यू अशोक नगर में लगातार तीन दिन से घरों पर असामाजिक तत्व पथराव कर रहे हैं। कई घरों की शीशे और लाइट टूट गई। स्थानीय लोग दहशत में हैं। लोगों ने डायल 112 पर सूचना दी तो घटना स्थल पर आई पुलिस ने कार्रवाई करने की बजाय लोगों से कॉलोनी का गेट बंद रखने और चौकीदार रखने की नसीहत दे दी। इतना ही नहीं पुलिस ने लोगों से कहा घरों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगवा लें या कौन पत्थर फेंक रहा वो बताएं? तभी उसको पकड़ पाएंगे।
न्यू अशोक नगर के रहने वाले अतुल गुप्ता ने बताया कि पिछले तीन दिन से अचानक गली में लोगों के घरों पर पथराव हो रहा है। पथराव घरों के पास से गुजर रहे रेलवे ट्रैक की ओर से हो रहा है। वहीं कुछ लोग घरों के दरवाजों की कुंडी बाहर से लगाकर खिड़कियों के शीशे तोड़ रहे हैं। डायल 112 पर कई बार शिकायत करने पर पुलिस तो आई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। तपन गुप्ता ने बताया कि उनके घर के बाहर लगे पथराव से कई शीशे टूट गए। ऐसे में अनहोनी होने की आशंका है। पथराव होने का कोई समय नहीं कई बार पथराव तब हुआ है जब लोग घरों के बाहर खड़े थे। ऐसे में लोगों के चोटिल होने का भी डर बना हुआ है। उन्होंने बताया कि सूचना देने पर जब 112 पुलिस आई उनके सामने भी पथराव हुआ और शीशे टूटे। इसके बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और सीसीटीवी कैमरे लगवाने की नसीहत देकर चले गए।
कई बार की शिकायत नहीं हुई कार्रवाई
मनीषा प्रभाकर ने बताया कि पिछले तीन दिन से कुछ लड़के उनके घर की बाहर से कुंडी लगाकर भाग रहे हैं और घंटी भी बजा रहे हैं। लेकिन मंगलवार और बुधवार को उनके घर के आंगन में आकर खिड़कियों के शीशे और लाइट पर पत्थर मारकर तोड़ दिए। वह काफी दहशत में हैं। पुलिस से कई बार शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
कैमरे लगवा लो
महेंद्र गुप्ता ने बताया कि उनके घर के बाहर मुमटी पर लगे शीशे भी पथराव में टूट गए। उन्होंने भी पुलिस से शिकायत की तो पुलिस ने घर के बाहर कैमरे लगवाने की बात कही। 112 पर कॉल करने पर पुलिस तो आ गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। देर रात को भी पथराव होता है ऐसे में अनहोनी होने का डर बना हुआ है।
एसपी सिटी निपुण अग्रवाल ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जांच कराई जा रही है। पथराव करने वालों की तलाश कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिस पुलिसकर्मी ने चौकीदार रखने या अन्य बात लोगों से कही हैं, इसकी जांच कराई जाएगी।