नामी कंपनी का स्टीकर लगाकर बेच रहे थे कपड़े, रिपोर्ट दर्ज
गाजियाबाद। कपड़ों की नामी कंपनी के नाम का स्टीकर लगाकर कपड़े बेचने का मामला सामने आया है। कंपनी के स्टीकर लगे कपड़ों के बेचने की शिकायत मिलने पर कंपनी के क्षेत्रीय अफसर ने जांच की तो इसका पता चला। कंपनी के क्षेत्रीय अफसर सलीम खान ने पुलिस के साथ चार दुकानों पर जाकर माल को जब्त कराकर दुकानदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सलीम खान का कहना है कि शिकायत मिलने पर उन्होंने पुलिस के साथ जाकर छापा मारा। जहां से कई थान कंपनी के नाम पर बेचे जा रहे थे, जोकि नकली थे। सब्जी मंडी स्थित सुदर्शन फैशन स्ट्रीट के मालिक पराग अरोड़ा, अग्रवाल फैशन मालिक आंचल अग्रवाल, सिहानी गेट स्थित पंजाब क्लॉथ हाउस के मालिक रजत पाहवा और अंजली कलेक्शन के मालिक संजीव मित्तल के यहां निरीक्षण किया। जहां कंपनी के मार्का का इस्तेमाल कर नकली कपड़ा बेचा जा रहा था। इसकी सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं और माल को थाने में सील कराया गया। मामले में उन्होंने चारों के खिलाफ कॉपी राइट एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज कराया है। नगर कोतवाली प्रभारी अमित कुमार खारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।