सीएनजी पंप पर ट्रक में धमाका, वाहन छोड़कर भागे लोग
गाजियाबाद। विजय नगर के डूंडाहेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में रविवार दोपहर सीएनजी पंप पर ट्रक के चार सिलिंडर फटने से धमाका हो गया। धमाके के साथ ही सिलिंडर हवा में उड़कर नीचे गिरे, जिससे वहां मौजूद कर्मियों और पेट्रोल व सीएनजी लेने आए लोगों में भगदड़ मच गई। ट्रक का टूटा हुआ हिस्सा 20 फुट की दूरी पर बने पंप के ऑफिस के शीशे में जा टकराया, जिससे वह चकनाचूर हो गया। गनीमत रही कि वहां मौजूद लोगों में किसी की चोट नहीं आई।
क्रॉसिंग रिपब्लिक में रहने वाले संजीव शर्मा ट्रांसपोर्ट कंपनी चलाते हैं। उनकी कंपनी का ट्रक सीएनजी पंप पर दोपहर तीन बजे सीएनजी लेने पहुंचा। करीब सवा तीन बजे सीएनजी भरने के दौरान ही अचानक ट्रक के चार सिलिंडर जोरदार धमाके के साथ फट गए। घटना के दौरान आसपास की फैक्ट्रियों से लोग बाहर निकलकर सड़क पर आ गए।
धमाके के दौरान सीएनजी पंप के 14 कर्मी, सात प्रबंधन से जुड़े स्टाफ के लोग और करीब 20 पेट्रोल और सीएनजी लेने आए लोग मौजूद थे। धमाका होते ही लोग अपने वाहन छोड़कर पेट्रोल पंप से भागने लगे। इस दौरान एक कार का शीशा भी टूट गया। धमाके के काफी देर बाद लोग अपने वाहन लेने आए। धमाके से पेट्रोल पंप की छत का हिस्सा, पंप परिसर के बाहर लगा होर्डिंग, कार्यालय की खिड़कियों पर लगे शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।
आठ सिलिंडर में चार फटे
संजीव शर्मा ने बताया कि दो दिन पहले ही उन्होंने सीएनजी सिलिंडर को चेक कराकर सर्टिफिकेट लिया था बावजूद इसके सिलिंडर का फटना हैरत की बात है। वहीं, सीएनजी पंप के मालिक जयवीर सिंह ने बताया कि रविवार के दिन पंप पर एक बार में 40 से 50 लोग ही सीएनजी और पेट्रोल भराने आते हैं। बाकी दिनों में पंप पर सीएनजी भराने के लिए लंबी लाइन लगती है। यदि रविवार का दिन नहीं होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
हादसे की सूचना पर दौड़े अधिकारी
धमाके सूचना पर मौके पर एफएसओ, सिटी मजिस्ट्रेट गंभीर सिंह, विजय नगर थाना प्रभारी पहुंच गए। किसी के हताहत नहीं होने का पता चलने पर सभी ने राहत की सांस ली। एहतियात के तौर पर पंप प्रबंधन द्वारा परिसर को सील कर दिया गया।
आईजीएल करेगी जांच, दो दिन में आएगी रिपोर्ट
सिटी मजिस्ट्रेट गंभीर सिंह ने बताया कि मौके पर इंडियन गैस लिमिटेड (आईजीएल) के अधिकारी भी पहुंचे। उनकी ओर से साक्ष्य एकत्र किए गए। सिलिंडर कैसे फट, क्या कारण रहा इसकी जांच दो दिन में करके रिपोर्ट प्रशासन को देंगे।