आयोग के फर्जी लेटर पैड पर शिकायत लिखकर डीएम-एसएसपी को किया ई-मेल
गाजियाबाद। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग का फर्जी लेटर पैड बनाकर, उसमें ईंट के भट्टों पर मजदूरों को बंधक बनाने की शिकायत पर जांच करने के लिए एसएसपी और जिलाधिकारी की आधिकारिक ई-मेल पर मेल किया गया। आयोग का मेल मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच की तो पता चला किसी व्यक्ति ने फर्जीवाड़ा किया है। मामले में वरिष्ठ अपर निरीक्षक प्रताप सिंह बालियान ने ई-मेल के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस का कहना है कि 19 फरवरी को राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के लेटर पैड पर जिलाधिकारी और एसएसपी को किए गए ई-मेल में कहा गया कि ईंट के भट्टों पर मजदूरों को बंधक बनाने की शिकायत मिली है। इसमें आयोग की ओर से मामले की जांच के लिए तत्काल मौके पर जाने के लिए कहा जाता है। पुलिस ने मौके पर जाकर मामले की जांच की तो वहां मजदूरों को बंधक बनाने जैसी कोई स्थिति नहीं मिली। इस पर पुलिस ने रिपोर्ट तैयार कर आयोग को जांच रिपोर्ट भेजी तो मामले का खुलासा हुआ कि आयोग ने इस तरह का कोई ई-मेल नहीं किया है। इसकी जानकारी होने पर पुलिस ने मामले में ई-मेल के आधार पर मसूरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मसूरी थाना प्रभारी रविंद्र चंद पंत का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। ई-मेल करने वाले को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।