शीशा तोड़ गैंग ने डेढ़ घंटे में पांच गाड़ियों में की वारदात
गाजियाबाद। शहर में कार का शीशा तोड़कर सामान चोरी करने वाला गैंग ताबड़तोड़ वारदात कर रहा है। बुधवार दोपहर गिरोह ने तीन थाना क्षेत्र में पांच गाड़ियों के शीशे तोड़कर नकदी और जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिए। पांचों घटनाएं 11 बजे से 12:30 बजे के बीच हुई हैं। सिहानी गेट थाना क्षेत्र के आंबेडकर रोड पर हुई घटना में तो पुलिस की पीसीआर घटना स्थल से दो सौ मीटर दूरी पर ही खड़ी थी। पीड़ित प्रदीप शर्मा का आरोप है कि घटना स्थल पर पहुंची पीसीआर पर तैनात पुलिसकर्मियों ने अभद्रता की। सभी घटनाओं में मौके पर पहुंची पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है। डेढ़ घंटे में हुई पांच घटनाओं से पुलिसकर्मियों में अफरा तफरी मच गई।
डासना के गांव इकला में निवासी प्रदीप शर्मा ब्राह्मण सभा के प्रदेश सचिव हैं। बुधवार दोपहर वह अपने फॉर्च्यूनर कार से आंबेडकर रोड पर आईडीबीआई बैंक में चेक जमा करने आए थे। वह 11:16 बजे बैंक में गए और 11: 20 बजे लौट आए। वह वापस लौटे तो उनकी कार का शीशा टूटा मिला और कार की सीट के पीछे रखे 2.90 लाख रुपये व जरूरी दस्तावेज का बैग गायब मिला। पुलिस ने मामले की जांच की तो उनका बैग डासना गेट के पास पड़ा मिला। दूसरी घटना विवेकानंद नगर निवासी ठेकेदार आशीष गुप्ता के साथ राजनगर में हुई है। आशीष राजनगर में इंडसइंड बैंक में काम से आए थे। वह अपनी ब्रेजा कार बैंक के बाहर खड़ी करके बैंक में चले गए। बैंक से बाहर आए तो उन्हें कार का शीशा टूटा मिला और कार में रखे 40 हजार रुपये और लेपटॉप चोरी हो गया।
तीसरी घटना में विजयनगर में निवासी कारोबारी सियाराम के साथ हुई। उनका कहना है कि वह किसी काम से दिल्ली गेट के पास आए थे तो वह दिल्ली गेट के सामने अपनी आई-10 कार खड़ी करके चले। कुछ देर बाद वह वापस आए तो उन्हें कार का शीशा टूटा मिला और 30 हजार की नकदी और दस्तावेज गायब मिले। इनके अलावा नगर कोतवाली में बदमाशों ने दो अन्य कारों के भी शीशे तोड़कर बैग चोरी कर लिया।
एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल ने बताया कि घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बदमाशों को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।