गाजियाबाद में साइबर अपराधी अब बिजली का बिल अपडेट कराने और कनेक्शन काटने की धमकी के नाम पर ठगी कर रहे हैं। कविनगर थाना क्षेत्र में ऐसे दो मामले सामने आए हैं, जिसमें शातिर ने एक व्यक्ति से बिजली का बिल अपडेट करने के नाम पर 30 रुपये भुगतान करने का झांसा देकर 97 हजार रुपये ठग लिए। दूसरे मामले में बिल जमा न होने व कनेक्शन काटने का डर दिखाकर 20 हजार रुपये उनके खाते से निकाल लिए। पीड़ितों ने कविनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
केस-एक
अंजली राना का कहना है कि उनका खाता नोएडा स्थित सिटी बैंक में है। उनके पास एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉलर ने खुद को विद्युत निगम का अफसर बताया। उसने कहा कि उनका बिजली का बिल अपडेट नहीं है। अपडेट कराने की बात पूछने पर कॉलर ने कहा कि 30 रुपये बिल में कम हैं जो जमा करने होंगे। अंजली ने उसके द्वारा बताए गए पेटीएम नंबर पर 30 रुपये भेजे तो शातिर ने उनका फोन हैक कर लिया और उनके खाते से 97 हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर मेसेज आने पर उन्हें ठगी का पता चला।
केस-दो
शास्त्रीनगर के रहने वाले हीरेंद्र कांत शर्मा अधिवक्ता हैं। उनका कहना है कि उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से एक मेसेज आया कि बिजली का बिल जमा कर दो नहीं तो आपका कनेक्शन कट जाएगा। कुछ देर बाद उनके पास कॉल आई और मेसेज आया। मेसेज में लिखा था कि दिए हुए लिंक को खोलकर शिकायत दर्ज कर दो। उन्होंने लिंक खोला तो उनके खाते से 20 हजार रुपये निकल गए। कविनगर थाना प्रभारी अमित कुमार का कहना है कि दोनों मामलों में साइबर सेल की मदद लेकर जांच की जा रही है।
कार्ड बदलकर खाते से निकाले 45 हजार रुपये
डासना में ठगों ने मोहल्ला बाजीगरान निवासी चांद मोहम्मद का डेबिट कार्ड बदलकर उनके खाते से 45 हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर मैसेज आने पर उन्हें ठगी का पता चला। चांद मोहम्मद का कहना है कि उनका खाता डासना स्थित यूनियन बैंक में है। बुधवार को वह डासना बस अड्डा स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गए थे। एटीएम से उनके रुपये नहीं निकले। वहां दो युवकों ने आकर मदद करने का झांसा देकर डेबिट कार्ड बदल लिया। मामले में उन्होंने मसूरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।