मनचले से परेशान होकर छह महीने से छात्रा नहीं गई कॉलेज
गाजियाबाद। मनचले से परेशान होकर मसूरी थाना क्षेत्र की रहने वाली बीए की छात्रा छह माह से कॉलेज नहीं जा पा रही है। ऐसे में उसकी परीक्षा भी छूट गई। आरोप है कि मनचला पिछले एक साल से उसे परेशान कर रहा है। कई बार समझाने के बाद भी जब वह नहीं माना तो परिजन उसके घर समझाने गए। तब भी युवक के परिजनों ने अभद्रता की। ऐसे में उन्होंने मनचले के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
छात्रा ने बताया कि गांव का ही रहने वाला एक युवक उन्हें पिछले एक साल से रास्ते में रोककर परेशान कर रहा है और बात करने का दबाव बना रहा है। पीछा करके वह भद्दी टिप्पणी और होटल में मिलने के लिए भी कहता है। आरोप है कि ऐसा करने से मना करने पर युवक ने उसके थप्पड़ भी मारा और किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। छात्रा ने बताया कि परिजन जब युवक के घर उसे समझाने और उसके परिजनों से बात करने गए तो उसके परिजनों ने अभद्रता की कुत्ता भी पीछे छोड़ दिया। मसूरी थाना प्रभारी रविंद्र चंद पंत ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है। बयान दर्ज करके आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।