फोटो शूट करने के बाद अश्लील बनाकर वायरल करने के दे रहे धमकी
गाजियाबाद। नोएडा में एक सोसायटी की रहने वाली युवती ने फोटो शूटिंग के लिए ऑनलाइन नंबर निकालकर संपर्क किया। जिसने दो युवकों को भेजकर आरडीसी स्थित एक जिम में शूटिंग कराई और तीन दिन बाद वीडियो भेजी जो युवती को पसंद नहीं आई। ऐसे में युवती ने रुपये नहीं दिए तो फोटो शूटिंग के बुकिंग करने वाले युवक ने वीडियो को अश्लील बनाकर वायरल करने की धमकी दी है। कविनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई है।
युवती का कहना है कि उन्होंने फोटोग्राफर के लिए ऑनलाइन नंबर निकालकर कॉल किया था। उनका कहना है कि उनके पास कबीर नाम के व्यक्ति का फोन कॉल आया, जिसने खुद को दिल्ली का रहने वाला बताया। फोटो शूटिंग के लिए डील होने के बाद उसने दो युवकों को आरडीसी स्थित एक जिम में भेजा, जहां वह उनका फोटो शूट करके ले गए। तीन दिन बाद कबीर ने उन्हें एक वीडियो भेजी आरोप है कि वह वैसा नहीं था, जो डील में तय हुआ था। अब वह व्हाट्सएप पर कॉल करके रुपये मांग रहा है। रुपये नहीं देने पर अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने और जान से मारने की धमकी दे रहा है। युवती का कहना है कि उनके पास उनके कई फोटो हैं, उन्हें डर है कि वह उनके फोटो वायरल न कर दे। मामले में उन्होंने कविनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। कविनगर थाना प्रभारी अमित कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।