दिल्ली पुलिस में नौकरी लगवाने के नाम पर 1.5 लाख हड़पे
गाजियाबाद। विजयनगर के बागू निवासी प्रेम सिंह के बेटे अशोक की दिल्ली पुलिस में नौकरी लगवाने का झांसा देकर उनके ही परिचित कपिल ने 1.5 लाख रुपये हड़प लिए। कपिल अलीगढ़ का रहने वाला है। आरोप है कि कपिल का उनके घर आना जाना था। कुछ समय पहले कपिल ने अधिकारियों में अच्छी बात कहकर उन्हें उनके बेटे की नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया। प्रेम ने विजयनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रेम सिंह का कहना है कि दो साल पहले उनकी मुलाकात अलीगढ़ निवासी कपिल कुमार से हुई थी। कपिल ने नौकरी लगवाने में ढाई लाख रुपये खर्च आने की बात कहीं, इसमें से डेढ़ लाख रुपये पहले और एक लाख रुपये नौकरी लगने के बाद लेने की बात कही। प्रेम का कहना है कि उन्होंने कपिल को चेक के जरिये एक लाख रुपये और 50 हजार रुपये नकद दे दिए। तय समय के अनुसार कपिल ने उनके बेटे की नौकरी नहीं लगवाई। उन्होंने रुपये मांगे तो वह टालमटोल करता है। उन्होंने सख्ती से तगादा किया तो कपिल ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और रुपये लौटाने से इनकार कर दिया। विजयनगर थाना प्रभारी योगेंद्र मलिक का कहना है कि मामले में कपिल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।