अधिवक्ता की आत्महत्या में पूर्व ब्लॉक प्रमुख का बेटा और दामाद गिरफ्तार
गाजियाबाद। राजनगर में अधिवक्ता आशीष त्यागी (27) की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख के बेटे अनुभव चौधरी उर्फ नोनू और दामाद संजय राठी को गिरफ्तार किया है। मामले में अभी अजय प्रमुख और भतीजा अक्षय चौधरी फरार है। पुलिस का कहना है कि दोनों की तलाश की जा रही है।
अधिवक्ता आशीष त्यागी के दोस्तों ने चेन, अंगूठी और कार ले लिया था। शनिवार देर रात राजनगर सेक्टर 10 में आशीष ने पिता राकेश त्यागी की लाइसेंसी पिस्टल से कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के दौरान राकेश त्यागी अपनी पत्नी के साथ गांव गए थे। शनिवार रात राकेश त्यागी ने आशीष को कई फोन मिलाए लेकिन आशीष फोन नहीं उठाया इससे परेशान होकर राकेश त्यागी सुबह राजनगर वाले घर पहुंचे तो वहां आशीष ने दरवाजा नहीं खोला। दरवाजा तोड़कर जब वह अंदर गए तो वहां आशीष खाट पर मृत अवस्था में मिला। आशीष ने आत्महत्या करने से पहले अनुभव चौधरी को मेसेज किया था। मामले में आशीष के पिता ने अजय प्रमुख, बेटे अनुभव चौधरी, भतीजे अक्षय चौधरी और दामाद संजय राठी के खिलाफ कविनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पर्याप्त सबूत होने के बावजूद दो दिन तक पुलिस ने जब आरोपियों को नहीं पकड़ा तो मंगलवार दोपहर अधिवक्ताओं ने एसएसपी से मिलकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी और 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। कविनगर थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि अनुभव चौधरी और संजय राठी को गिरफ्तार किया है। अन्य दोनों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।