सेल के वेयरहाउस से 50 मीट्रिक टन स्टील की प्लेट चोरी हुई
गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम क्षेत्र के मेरठ रोड स्थित सरकारी उपक्रम स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया (सेल) वेयरहाउस में से 50 मीट्रिक टन स्टील की प्लेट चोरी हो गई। कंपनी के अधिकारियों ने निरीक्षण किया तो इसकी जानकारी हुई। मामले में कंपनी के डीजीएम ने एक ट्रैलर चालक पर शक जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। डीजीएम एनए आजाद ने कहा कि निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को दो अप्रैल को पता चला कि 26 फरवरी को बिना बिल के कुछ माल डिलीवर हुआ है। इसकी जांच की तो पता चला कि हरियाणा नंबर के एक ट्रैलर जो श्याम रोड लाइंस से संबंधित है, वह 25 फरवरी को वेयरहाउस आया था। ट्रैलर के जाने के बाद से चालक मुजमिल लगातार अवकाश पर है। निरीक्षण में पता चला कि वेयरहाउस से 50 मीट्रिक टन स्टील भी गायब मिले। मधुबन बापूधाम थाना प्रभारी मुन्नेश कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।