छह माह में रुपये दोगुना करने के नाम पर 14 लाख हड़पे
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन के बांके बिहारी शरणम निवासी नीरज कुमार से छह माह में रुपये दोगुना करने का झांसा देकर 14 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। नीरज ने क्लासिक रेजिडेंसी निवासी लोकेश राजपूत के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट नंदग्राम थाने में दर्ज कराई है। नीरज कुमार ने बताया कि परिचित रामकुमार व दीपक ने उनकी मुलाकात लोकेश राजपूत से कराई थी। आरोप है कि लोकेश ने मुलाकात के बाद उन्हें छह माह में रुपये दोगुना करने की स्कीम बताई। स्कीम का झांसा देकर लोकेश ने उनसे अपने खाते में 14 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। तय समय बीतने के बाद उन्होंने लोकेश से संपर्क किया तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। आरोप है कि उन्होंने कुछ समय बाद फिर से तगादा किया तो लोकेश ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और रुपये लौटाने से इनकार कर दिया। नंदग्राम थाना प्रभारी अमित कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।