कार में बेहोश मिले युवक को हेड कांस्टेबल ने पहुंचाया अस्पताल
गाजियाबाद। एनएच-9 पर चिपयाना पुल के पास सड़क किनारे कड़ी कार में बेहोश मिले युवक को ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल यशपाल सिंह ने मदद करके अस्पताल पहुंचाया और जान बचाई। होश आने पर युवक और उसके परिवार ने हेड कांस्टेबल का धन्यवाद किया। इस सराहनीय कार्य पर एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा ने हेड कांस्टेबल यशपाल की तारीफ की। चिपियाना पुल के पास ड्यूटी कर रहे हेड कांस्टेबल यशपाल ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक कार आकर रूकी। पहले तो उन्हें लगा की कार खराब हो गई है लेकिन काफी देर तक कार से कोई नहीं उतरा और कार नहीं गई। तब उन्होंने पास जाकर देखा तो कार में युवक बेहोश था। यशपाल ने कार का दरवाजा खोलकर युवक के पैर और हाथ रगड़े। करीब पांच मिनट बाद युवक होश आया। इसके बाद उन्होंने एंबुलेंस बुलाकर युवक को अस्पताल पहुंचाया और परिवार को सूचना दी। जानकारी करने पर पता चला कि युवक का नाम तरुण है वह अपने ऑफिस से घर लौट रहा था।