सेवानिवृत्त फौजी के बेटे ने पुलिस टीम पर की दो राउंड फायरिंग
गाजियाबाद। नूरनगर सिहानी में पंजाब नेशनल बैंक में हुई लूट मामले में संदिग्धों से पूछताछ करने गई पुलिस पर सेवानिवृत्त फौजी के बेटे ने नशे की हालत में फायरिंग कर दी। उसने अपने पिता के लाइसेंसी हथियार से पुलिस पर दो राउंड फायर किए। पुलिस ने घेराबंदी करके आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया और हथियार बरामद कर लिए। पिता को पुलिस ने हिरासत में लिया है। दीपक 2011 में हत्या के मामले में जेल जा चुका है। नंदग्राम थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि बैंक में हुई लूट के मामले में पुलिस जांच में जुटी है। जांच में सामने आया कि नंदग्राम के आदर्श नगर निवासी दीपक गुर्जर के पास लूट में इस्तेमाल की गई स्पलेंडर बाइक जैसी बाइक पर दो लोग आए थे। ऐसे ही कई अहम सुराग दीपक के खिलाफ मिले। एसओजी टीम और नंदग्राम पुलिस दीपक गुर्जर के घर पर पूछताछ करने गई। इसी दौरान उसने बिना जानकारी किए अपने फौजी पिता यशवीर सिंह की लाइसेंसी रायफल और डबल बैरल बंदूक लेकर दोनों हाथों से एक साथ फायरिंग कर दी। पुलिस ने बचते हुए दीपक को पकड़ लिया गिरफ्तार कर थाने ले आई और उसके घर की तलाशी भी ली। थाना प्रभारी ने बताया कि हथियार बरामद कर लिए हैं। आगे की कार्रवाई की जा रही है।