पति की शिकायत लेकर महिला पहुंची चौकी, इंचार्ज ने बच्चों का कराया दाखिला
गाजियाबाद। पुलिस आमतौर पर विवादों में रहती है लेकिन इस महकमे में नरम दिल वाले पुलिसकर्मी भी हैं। विजयनगर थाना क्षेत्र की बाईपास चौकी में पति की शिकायत लेकर पहुंची महिला की चौकी इंचार्ज अंकित चौहान ने सहायता की। इससे पहले भी अंकित चौहान जरूरतमंद लोगों की मदद कर चुके हैं। पति की मारपीट की शिकायत लेकर तीन बच्चों के साथ चौकी पहुंची दिव्यांग महिला की कहानी सुनकर चौकी इंचार्ज भावुक हो गए। उन्होंने उनके पति पर कार्रवाई करने के साथ महिला के बच्चों का एक स्कूल में दाखिला कराया और कॉपी-किताब देकर मदद की। चौकी इंचार्ज अंकित चौहान ने बताया कि विजयनगर क्षेत्र निवासी एक विकलांग महिला अपनी दो बेटी और एक बेटे के साथ 28 जनवरी को उनकी चौकी में पहुंची। महिला का पति वेल्डिंग का कार्य करता है। महिला ने अपने पति पर मारपीट करने का आरोप लगाया। इसी से परेशान होकर वह चौकी पहुंची। इसी दौरान चौकी इंचार्ज ने महिला के बच्चों के बारे में जानकारी की तो पता चला कि उसके बच्चे आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई से वंचित हैं। तभी चौकी इंचार्ज ने बच्चों को दाखिला विजयनगर के विद्यालय में कराया साथ ही बच्चों को कॉपी व किताब दीं। इससे पहले अंकित चौहान रक्तदान कर एक बच्ची की जान बचा चुके हैं और शादी समारोह में हुए विवाद के कारण शादी टूटने से भी बचा चुके हैं।