गाजियाबाद। त्योहार पर ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे प्रबंधन ने बनारस-गाजियाबाद-बनारस एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। आठ अक्तूबर से 27 नवंबर तक सप्ताह में एक बार यात्री इस ट्रेन में सफर कर सकेंगे। यह ट्रेन पूर्वांचल के सात स्टेशनों पर रुकेगी, जिससे बड़ी तादाद में लोगों को लाभ होगा। नॉर्दर्न रेलवे के प्रवक्ता सुधांशु शेखर ने बताया कि ट्रेन नंबर-05047 बनारस से माह के प्रत्येक मंगलवार रात 10 बजे चलकर गाजियाबाद में अगले दिन सुबह 11:45 पर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 05048 माह के प्रत्येक बुधवार को गाजियाबाद से दोपहर 12:35 पर प्रस्थान करेगी जो अगले दिन सुबह 5:35 पर बनारस पहुंचेगी।
यहां होगा ठहराव : गाजियाबाद से चलने के बाद स्पेशल ट्रेन मुरादाबाद स्टेशन, बरेली, लखनऊ, रायबरेली जंक्शन, अमेठी, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन, भदोही में रुकेगी। बनारस से चलने के बाद भी इस ट्रेन का इन्हीं स्टेशनों पर ठहराव होगा।
चार घंटे की देरी से आई गरीब रथ
आनंद विहार टर्मिनल से स्पेशल गरीब रथ रविवार को अपने निर्धारित समय से चार घंटे देरी से चली। 5:20 की बजाय यह 9:20 पर गाजियाबाद पहुंची। बारिश और अन्य तकनीकी कारणों से इस ट्रेन का रास्ता छपरा जंक्शन और लखनऊ चारबाग में बदला गया। दिल्ली सहारनपुर मेमू स्पेशल व अलीगढ़ दिल्ली मेमू 25 मिनट, नेताजी एक्सप्रेस 45 मिनट, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस एक घंटा देरी से चली।