मुरादनगर। हिसाली-कनौजा रोड पर 11 हजार वर्ग मीटर जमीन पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को जीडीए की प्रवर्तन टीम ने बृहस्पतिवार को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजरों ने विरोध किया, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी के आगे उनकी एक न चली। हिसाली गांव में खसरा संख्या-322 की करीब 11 हजार वर्ग मीटर जमीन पर बिना स्वीकृति के अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। आरोप है कि प्लॉटिंग में नालों की जमीन को भी बेचा जा रहा था। मौके पर जीडीए की टीम को निर्माणकर्ता स्वीकृत मानचित्र या संबंधित भू-अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रवर्तन टीम ने चल रहे निर्माण कार्य को रुकवाया और अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। प्रभारी प्रवर्तन जोन-2 के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में सहायक अभियंता, अवर अभियंता और प्रवर्तन जोन-2 का स्टाफ मौजूद रहा।