गाजियाबाद। क्रासिंग रिपब्लिक में बिना मालिकाना हक हासिल किए ही नक्शा पास कराकर निर्माण कार्य करने पर जीडीए ने आपत्ति जताई है। जीडीए के प्रवर्तन जोन पांच के प्रभारी सुशील कुमार चौबे ने बताया कि क्रासिंग रिपब्लिक में निर्माणाधीन प्रोजेक्ट एसोटेक कैनोपी को कार्यालय सील करने के साथ ही बिना नक्शा पास किए गए निर्माण को तोड़ा जाएगा।
सुशील कुमार चौबे ने बताया कि पहले इस प्रोजेक्ट का नक्शा जीडीए ने पास किया था। बाद में पता चला कि बिल्डर ने जिस जमीन का नक्शा पास कराया था। वहां पर कुछ लोगों की जमीन है जिसका अभी तक बिल्डर के पास मालिकाना हक नहीं है। इसके बाद जीडीए ने नक्शा निरस्त कर दिया था। इसके खिलाफ मंडलायुक्त के यहां पर बिल्डर ने अपील की थी। सुनवाई करते हुए मंडलायुक्त ने जीडीए को आदेश दिया कि जिस जमीन पर बिल्डर का मालिकाना हक नहीं है, उसे छोड़कर अन्य जमीन पर संशोधित नक्शा पास कर दिया जाए। उन्होंने बताया कि कई बार बिल्डर से नक्शा दिखाने को कहा गया लेकिन दिखाया नहीं गया। इस कारण से इस प्रोजेक्ट को सील किए जाने का आदेश जारी किया गया है।