गाजियाबाद। डासना क्षेत्र में अवैध रूप से करीब 50 हजार वर्ग मीटर जमीन पर काटी जा रही कॉलोनी में जीडीए के प्रवर्तन दस्ते ने बुधवार को बुलडोजर चलाया। नौ खसरा नंबरों पर की जा रही प्लाटिंग में की गई चाहरदीवारी व अन्य पक्के निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान कॉलोनाइजरों और स्थानीय लोगों ने जीडीए की इस कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन मौजूद पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ते ने उन्हें हटाकर कार्रवाई को पूरा कराया।
प्रवर्तन जोन-5 के सहायक अभियंता योगेश कुमार ने बताया कि डासना में एनएच-9 से सटे छह खसरा नंबरों पर बिना नक्शा पास कराए प्लॉटिंग की जा रही थी। इसकी सूचना पर जानकारी की गई तो पता चला कि टंडन कैंसलेशन की ओर से यह कॉलोनी विकसित की जा रही है। इस पर प्रवर्तन दस्ते और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। उनका कहना है कि स्थानीय लोगों को जागरुक किया गया है कि अवैध कॉलोनी में प्लाट न खरीदें। उनका कहना है कि क्षेत्र में अवैध निर्माण पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कर इन पर रोक लगाई जाएगी।