हिंडन पर नए पुल के निर्माण का इसी सप्ताह से शुरू हो जाएगा काम
- फोटो : AMAR UJALA
सबहेड- जीडीए के मंजूरी वाले सभी प्रोजेक्ट पर अगले सप्ताह से शुरू होगा काम - बुनकर मार्ट, हिंडन नया पुल, डासना में पीएम आवास का शुरू होगा काम - मधुबन बापूधाम में दो नई रोड और उद्यान से जुड़े कई काम होंगे शुरू माई सिटी रिपोर्टर गाजियाबाद। लॉकडाउन के चलते बीते 48 दिनों से जीडीए के सभी विकास कार्यों पर ब्रेक लगा हुआ है। अब इन सभी विकास कार्यों के शुरू होने की संभावना प्रबल हो गई है। जीडीए ने आठ विकास कार्यों को शुरू करने की हरी झंडी दी है। यह सभी विकास कार्य अगले सप्ताह से शुरू हो जाएंगे। जीडीए ने साफ किया है कि निर्माण संबंधी गाइडलाइन, सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया और सोशल डिस्टेंसिंग का निर्माण में पालन किया जाएगा। जीडीए की ओर से सबसे पहले मधुबन बापूधाम योजना स्थित बुनकर मार्ट के निर्माण को मंजूरी दी गई है। करीब 200 करोड़ के इस प्रोजेक्ट का 80 फ़ीसदी काम पूरा हो चुका है।इस प्रोजेक्ट की कई बार समय सीमा बढ़ चुकी है, ऐसे में अब जीडीए किसी भी प्रकार की ढिलाई बरतने को तैयार नहीं है। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े दो प्रोजेक्टों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इनमें पहला प्रोजेक्ट मधुबन बापूधाम में 856 पीएम आवास और डासना में करीब 700 पीएम आवास का निर्माण कार्य शामिल है। मधुबन बापूधाम स्थित पीएम आवास के निर्माण संबंधी 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। जीडीए की ओर से समाजवादी आवास के अधूरे पड़े आखिरी चरण के काम को पूरा करने की मंजूरी प्रदान की गई है। इसके अलावा जीटी रोड पर हिंडन के नए पुल के निर्माण को भी मंजूरी प्रदान की गई है। जीडीए से मंजूरी मिलने के बाद निर्माण एजेंसी सेतु निगम ने काम को पटरी पर लाने की कवायद शुरू कर दी है। सेतु निगम के सामने सबसे बड़ी समस्या श्रमिकों को लेकर है। लॉकडाउन के चलते निर्माण साइट से 80 फ़ीसदी मजदूर पलायन कर चुके हैं। ऐसे में सेतु निगम की ओर से श्रमिकों को जुटाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। वही उद्यान से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए निविदा प्रक्रिया को अगले हफ्ते से शुरू किया जाएगा। जीडीए सचिव संतोष कुमार राय ने बताया कि प्राधिकरण की ओर से रुके हुए निर्माण कार्यों को गति देने के उद्देश्य से अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। -- मधुबन बापूधाम में दो नई सड़कों का होगा निर्माण जीडीए ने जिन प्रोजेक्टों को निर्माण की अनुमति प्रदान की है, उनमें मधुबन बापूधाम में दो नई सड़कों का निर्माण शामिल है। प्राधिकरण की ओर से अपनी मधुबन बापूधाम योजना को गति देने के उद्देश्य से दो मुख्य सड़कों का निर्माण कार्य अगले सप्ताह से शुरू किया जाएगा। दूसरी ओर योजना के विभिन्न पॉकेट में विकास कार्य शुरू करने के भी निर्देश दिए गए हैं। --