गाजियाबाद। प्रवर्तन जोन चार में स्थित अवंतिका कॉलोनी में बुधवार को जीडीए की टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया। जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि भूखंड संख्या सीडी-16ए, अवन्तिका में प्राधिकरण से स्वीकृत मानचित्र के विपरीत सेट बैक को प्रभावित कर निर्माण किया जा रहा था। निर्माण के विरुद्ध वाद दायर कर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसके अलावा खसरा संख्या 816, 819, 820 व 821 ग्राम-महरौली में लगभग 6600 वर्ग गज भूमि पर अवैध प्लाटिंग करने के लिए मिट्टी भराई कराई जा रही थी। कच्ची सड़क को एनएच-09 से जोड़ते हुए सीवर डालने की तैयारी की जा रही थी। मौके पर पहुंची टीम ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। इस दौरान स्थानीय विकासकर्ताओं की ओर से विरोध किया गया, लेकिन कार्रवाई जारी रही।