साहिबाबाद। बिना अनुमति के शालीमार गार्डन स्थित 200 वर्गगज के प्लॉट पर कराए जा रहे निर्माण को जीडीए ने बृहस्पतिवार को ध्वस्त कर दिया। बिना अनुमति निर्माण करने पर जीडीए की ओर से एक माह पूर्व भी नोटिस जारी कर सीलिंग की कार्रवाई की गई थी। जीडीए की कार्रवाई को अनदेखा करते हुए बिल्डर निर्माण करा रहा था, इसे बृहस्पतिवार को ध्वस्त कर दिया गया। अवैध निर्माण की शिकायत पर जीडीए जोन-8 की टीम बृहस्पतिवार दोपहर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। मौके पर टीम पहुंची तो पाया कि सील तोड़कर दोबारा काम शुरू किया गया था। ऐसे में टीम ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करते हुए भू-स्वामी को दोबारा निर्माण कार्य शुरू करने पर मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी भी दी।