गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक हादसा हुआ। मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पहले एक कार और फिर दो बाइकों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। कार मालिक अरुण शर्मा नोएडा सेक्टर 63 में ड्यूटी के लिए जा रहे थे। उनकी कार विजयनगर कट पर पहुंची। तभी पीछे से तेज गति से आए ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली डिवाइडर पर चढ़ गई। अरुण शर्मा ने आरोप लगाया कि चालक नशे में धुत था और उसने गाली गलौज भी की। कार्यवाहक सहायक पुलिस आयुक्त जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि देर शाम दोनों पक्षों में समझौता हो गया। पीड़ितों ने इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी है।