लोनी। क्रेडिट कार्ड के करीब ढाई लाख रुपये के कर्ज को चुकाने के लिए बैंक के क्लेक्शन एजेंट ने कोतवाली क्षेत्र की गढ़ी सब्लू रोड बदमाशों द्वारा फर्जी लूट की सूचना दी। लूट की सूचना पर दौड़ी पुलिस ने जांच की तो करीब तीन लाख की लूट फर्जी पाई गई। पुलिस ने आरोपी के घर से करीब पौने तीन लाख रुपये बरामद किए हैं। एसीपी रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि मंगलवार दोपहर पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि क्लेक्शन एजेंट से बाइक सवार बदमाशों ने हथियार के बल पर करीब तीन लाख रुपये लूट लिए। क्लेक्शन एजेंट ने बदमाशों द्वारा उनकी बाइक में आग लगाने की भी जानकारी दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस पूछताछ में सूचना देने वाले हरिओम निवासी रामपार्क कॉलोनी अपने बयान बदलने लगा। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले लेकिन कोई बदमाश कैमरों में कैद नहीं हुए। शक होने पर पुलिस ने हरिओम से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को सब सच बता दिया। पुलिस ने आरोपी के रामपार्क कॉलोनी स्थित एक निर्माणाधीन मकान से एक बैग में रखे करीब पौने तीन लाख रुपये बरामद कर लिए। पुलिस को मौके से कुछ जले हुए नोट भी बरामद हुए हैं। एसीपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ झूठी सूचना देने के मामले में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। आरोपी बलराम नगर कॉलोनी स्थित एक बैंक में काम करता है। जिस पर क्रेडिट कार्ड का करीब ढाई लाख रुपये का कर्ज था। कर्ज को चुकाने के लिए फर्जी लूट की योजना बनाई थी।