माई सिटी रिपोर्टर गाजियाबाद। इस बाद एक जून को गंगा दशहरा का पर्व पड़ रहा है। इस बार सोमवार होने के कारण विशेष संयोग लग रहा है। लॉकडाउन के चलते इस बार गंगा दशहरा का पर्व लोगों को घरों में ही मनाना होगा। ज्योतिषियों के अनुसार अन्न, जल, फल, घी, तेल, शक्कर, नमक, हल्दी, पूजन सामग्री, सुहाग सामग्री के दान से आपके कर्मों में शुभ सफलता के योग बनेंगे। गंगा दशहरा के स्नान और दान के शुभ मुहूर्त प्रातः 5ः24 से 7ः30 तक अमृत योग, शुभ योग प्रातः 9ः00 से 10ः30 तक हैं। पंडित दुलीदत्त कौशिक ने बताया कि लाॅकडाउन के चलते इस बार तीर्थ स्थलों पर जाना नहीं पाएगा। इसलिए घर पर ही गंगा स्नान कर पुण्य लिया जा सकता है। इसके लिए बाल्टी में सबसे पहले गंगा जल डालें। उसके बाद उसे स्नान जल से भरें। इस प्रकार सम्पूर्ण जल बढ़ कर गंगा जल हो जाएगा। इसके बाद पूर्वोत्तर की तरफ मुख करके हर-हर गंगे,हरि हरि की ध्वनि के साथ भक्ति भाव से किया गया दस बार लोटे या मग से स्नान तीर्थ में दस डुबकी लगाने जैसा फल दे सकेगा। इसके बाद गंगा जल में आंवला चूर्ण, हल्दी, गिलोय अथवा कोई भी पवित्र जड़ी बूटियां मिश्रित करके किया गया स्नान वायरस रोगों को शमित करने वाला हो सकेगा।