साहिबाबाद। शनिवार से तीन दिन तक इंदिरापुरम और सिद्धार्थ विहार को गंगाजल की आपूर्ति नहीं होगी। इस दौरान जीडीए सुबह 7 से 9 बजे तक पानी की आपूर्ति करेगा। 16 अप्रैल से गंगाजल की आपूर्ति सुचारू होगी। जल निगम के अधिशासी अभियंता उन्मेश शुक्ला ने बताया कि छिजारसी के पास नोएडा जाने वाली पाइपलाइन को ठीक करने का काम किया जाएगा। इस दौरान सिद्धार्थ विहार स्थित गंगाजल प्लांट तीन दिन तक बंद रहेगा। पाइपलाइन का काम पूरा होने के बाद 16 अप्रैल (मंगलवार) से प्लांट चालू कर आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। जीडीए के सहायक अभियंता पीयूष सिंह ने बताया कि प्लांट बंद होने के दौरान एक समय दो घंटे के लिए नलकूप से पानी की आपूर्ति की जाएगी।