फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: गंगनहर बंद, प्लांट से गंगाजल आपूर्ति ठप

विज्ञापन
विज्ञापन
साहिबाबाद। हरिद्वार से गंगनहर बंद होने से सिद्धार्थ विहार प्लांट को पानी मिलना बंद हो गया। शुक्रवार को टीएचए के कई इलाकों में गंगाजल नहीं मिलने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। गंग नहर को बारिश होने के कारण सिल्ट जमा होने और किसानों की जरूरत के हिसाब से आपूर्ति बंद करना बताया गया है। वहीं नगर निगम और जीडीए प्लांट से गंगाजल नहीं मिलने तक अपने संसाधनों से दस लाख लोगों को पानी मुहैया कराएगा। अभी तीन दिनों तक गंगाजल मिलने की उम्मीद नहीं है। सिद्धार्थ विहार गंगाजल प्लांट के अधिशासी अभियंता उन्मेेश शुक्ला ने बताया कि पिछले सप्ताह बारिश होने से गंगनहर के पानी में गाद आने की संभावना है। इस कारण सोमवार शाम को हरिद्वार से गंगनहर को बंद कर दिया गया। अभी तक सिद्धार्थ विहार के दोनों प्लांट में भंडारित गंगाजल को आगे भेजा जा रहा था। शुक्रवार सुबह को 100 क्यूसेक प्लांट और शाम को 50 क्यूसेक प्लांट को गंगाजल नहीं होने के कारण बंद कर दिया। इससे नोएडा और टीएचए में लोगों को गंगाजल नहीं मिला। सिंचाई विभाग के अधिकारियों की ओर से गंग नहर बंद रहने की जानकारी दी गई है। गंगनहर में पानी छोड़े जाने के बाद प्लांट में पानी भंडारित किया जाएगा। सोमवार रात या मंगलवार से गंगाजल सुचारु होने की उम्मीद है। नगर निगम के सहायक अभियंता ओमप्रकाश ने बताया कि प्लांट से शुक्रवार को गंगाजल कम मात्रा में ही मिला। निगम की ओर से गंगाजल में पानी मिलाकर आपूर्ति कराई गई। फिर भी वैैशाली, वसुंधरा, कौशांबी, डेल्टा कॉलोनी के कुछ इलाकों में पेयजल नहीं मिल सका। वसुंधरा जोन में शनिवार को सुबह छह से आठ बजे तक पेयजल की आपूर्ति कराई जाएगी। प्लांट से गंगाजल नहीं मिलने तक 108 ट्यूबवेल से पानी भेजा जाएगा। जहां पर पानी नहीं मिलेगा, वहां पर टैंकर से पानी की आपूर्ति कराई जाएगी। वहीं जीडीए अधिशासी अभियंता प्रशांत गौतम ने बताया कि 22 ट्यूबवेल से पेयजल आपूर्ति होगी। लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
विज्ञापन


प्लांट से गंगाजल का वितरण
100 क्यूसेक प्लांट
80 क्यूसेक- नोएडा
15 क्यूसेक- इंदिरापुरम 05 क्यूसेक- सिद्धार्थ विहार
50 क्यूसेक प्लांट
23 क्यूसेक- वसुंधरा जोन
20 क्यूसेक- नोएडा
07 क्यूसेक- इंदिरापुरम
बोतलबंद पानी की बढ़ेगी मांग टीएचए की हाईराइज सोसायटी में अधिकांश लोग कामकाजी ही रहते हैं। गंगाजल नहीं मिलने पर बोतलबंद पानी पर निर्भरता बढ़ जाती है। वैशाली निवासी पवन ने बताया कि नामी ब्रांड की 20 लीटर पानी बोतल की कीमत 100 रुपये और सामान्य ब्रांड की 35-40 रुपये तक है। इससे लोगों की जेब पर भी असर पड़ता है।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें