उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में साइबर टीम ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसने देश के 10 राज्यों के डेढ़ हजार लोगों से करीब साढ़े चार करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है। टीम ने गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह के दो सदस्य एचएएक्सआर बीमा कंपनी में नौकरी करते थे, इसी कंपनी से इन्होंने ग्राहकों का डाटा भी चुराया और कॉल कर ठगी की वारदात को अंजाम दिया। इनके अभी अन्य सदस्य पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। यह गिरोह क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में किराये के फ्लैट में कॉल सेंटर चला रहा था। गिरोह के कुछ सदस्य लग्जरी कारों से भी ग्राहकों को कॉल करते थे।