मोदीनगर। तिबड़ा मार्ग स्थित एक कॉलोनी में दोस्तों ने गाजियाबाद की अधिवक्ता को परिचित के मकान पर ले जाकर छेड़छाड़ की और बंधक बनाकर दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने अधिवक्ता को पीटा और घटना का जिक्र करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज की है।
एक कॉलोनी निवासी युवती अधिवक्ता हैं। अधिवक्ता ने बताया कि मोदीनगर निवासी दो युवक उसके दोस्त हैं। शुक्रवार रात किसी कार्य के लिए मुरादनगर आई थीं तभी दोनों युवकों ने उसे कॉल की और अपने साथ मोदीनगर के तिबड़ा मार्ग स्थित परिचित के मकान पर ले गए। आरोप है कि वहां दोनों दोस्तों ने अधिवक्ता से छेड़छाड़ की। आरोपियों ने अधिवक्ता के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। सूझबूझ दिखाकर अधिवक्ता किसी तरह उनके चंगुल से निकलकर थाने पहुंचीं और मामले की शिकायत की। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है।