माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। लिंकरोड थाना क्षेत्र के कड़कड़ मॉडल निवासी एक व्यक्ति से लोन दिलाने के नाम पर 99 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग में ऋण विभाग का अधिकारी बताते हुए प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत लोन दिलाने का झांसा दिया था। पीड़ित ने नौ माह बाद भी जब लोन पास नहीं हुआ तो उन्होंने आरोपी के खिलाफ लिंकरोड थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है। पंकज यादव लिंकरोड के कड़कड़ मॉडल में परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि मई 2019 में उनकी बहन की शादी थी। इसके लिए उन्हें साढ़े तीन लाख रुपये की आवश्यकता था। रुपये की व्यवस्था नहीं हो पाने पर उन्होंने इंदिरापुरम के प्रहलादगढ़ी निवासी परिचित से बात की। परिचित ने बताया कि उन्होंने राजेंद्रनगर निवासी मनोज शर्मा द्वारा अपना लोन कराया था। इससे संपर्क कर लें लोन हो जाएगा। संपर्क करने पर मनोज शर्मा ने खुद को खादी एवं ग्रामोद्वयोग विभाग में ऋण विभाग का अधिकारी बताया। लोन का पूरा प्रोसेस कराने के नाम पर 50 हजार रुपये खर्च बतायाकर प्रधानमंत्री मुद्रा योजना से लोन होने की बात कही। इसके एवज में 20 हजार रुपये लेने के बाद भी लोन नहीं हुआ। आरोप है कि कुल मिलाकर आरोपी ने कई बार में 99 हजार रुपये ले लिए और लोन भी नहीं हुआ। पीड़ितों को जब नौ माह तक लोन नहीं मिला तो उन्होंने थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। एसएचओ लिंकरोड शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले कर जांच की जा रही है।