माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। लिंकरोड थाना क्षेत्र के एक शोरूम पर लोहियानगर निवासी एक व्यक्ति से कार बेचने के नाम पर एक लाख 15 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने लिंकरोड थाना क्षेत्र में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गणेश सिंह लोहियानगर में रहते हैं। लिंकरोड थाने में दी तहरीर में उन्होंने बताया कि चार अगस्त को उन्हें लिंकरोड थाना क्षेत्र के एक शोरूम से कॉल आई। इस पर वह सेकेंड हैंड कार देखने के लिए चले गए। वहां एक युवक ने उन्हें कार की टेस्ट ड्राइव भी करा दी। कार पसंद आने पर उन्होंने पांच हजार रुपये बयाना दे दिया। आरोप है कि करीब दो घंटे उन्होंने एक लाख दस हजार रुपये भी युवक को दे दिया। बाकी रुपये कार नाम कराने के बाद देना तय हुआ। आरोप है कि इस संबंध में युवक उनका आधार कार्ड और रुपये लेकर अंदर गया। इसके कुछ देर बाद बाहर आकर आधार कार्ड उनका वापस कर रसीद लाने की बात कहकर अंदर चला गया। काफी देर तक जब युवक बाहर नहीं आया तो उन्हें शक हुआ। अंदर जाकर देखा तो युवक वहां नहीं था। काफी तलाश के बाद भी युवक नहीं मिला तो उन्होंने कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद लिंकरोड थाने पहुंचकर तहरीर दी। एसएचओ लिंकरोड शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर नितिन नाम के युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच की जा रही है।