माथे पर तिलक और हाथ में कलावा बांधकर परीक्षा देने पहुंचे चाऱ छात्रों को कालेज प्रबंधन ने परीक्षा देने से रोक दिया। आरोप है कि प्रबंधन के रोकने के कारण उनकी परीक्षा छूट गई। जिसके बाद चारों विद्यार्थियों ने बजरंग दल के संयोजक के नेतृत्व में हंगामा किया।
गांव घंसूरपुर स्थित स्याना डिग्री कॉलेज में बुधवार को स्नातक की परीक्षाओं का आयोजन किया गया था। इस दौरान खानपुर क्षेत्र के वीरांगना अवंती बाई महाविद्याल के बीए हिंदी के प्रथम वर्ष के विद्यार्थी मोहित, रोहित, मनीष और प्रवीन परीक्षा देने के लिए घंसूरपुर स्थित डिग्री कॉलेज पहुंचे।
विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि हाथ में कलावा और माथे पर तिलक देखकर कॉलेज प्रबंधन ने उन्हें परीक्षा देने से रोक दिया और कहा कि कलावा और तिलक के साथ परीक्षा में नहीं बैठ पाओगे। आरोप है कि प्रबंधन द्वारा परीक्षा से रोकने पर उन्होंने बजरंग दल के संयोजक सतेंद्र लोधी को जानकारी दी। सतेंद्र लोधी ने मौके पर पहुंचकर कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ हंगामा किया और कहा कि किसी भी विद्यार्थी को तिलक और कलावा बांधने पर परीक्षा से रोका जाना उचित नहीं है।
विद्यार्थियों के हंगामा के बीच परीक्षा का समय समाप्त हो गया। जिसके चलते चारो विद्यार्थी परीक्षा नहीं दे सके। बाद में कॉलेज प्राचार्य उजलेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों को आश्वासन देकर शांत किया। प्राचार्य ने बताया कि कलावा बांधने और तिलक लगाने पर किसी भी विद्यार्थी को परीक्षा देने से नहीं रोका गया था। विद्यार्थी परीक्षा में स्मार्ट व़ॉच और मोबाइल लेकर जाने का प्रयास कर रहे थे, ऐसा करने से ही रोका गया था।