गाजियाबाद। शेयर ट्रेडिंग और रेटिंग कर कमाई करने का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने चार लोगों से 57 लाख रुपये ठगी कर ली। शेयर ट्रेडिंग में 10 गुना कमाई का झांसा देकर ठगी की। ठगों ने इंदिरापुरम के शताब्दी देव, राजनगर एक्सटेंशन के सुरेंद्र सिंह, राजनगर के दीपक गर्ग और क्रॉसिंग रिपब्लिक की हेमलता को निशाना बनाया है। चारों ने साइबर अपराध थाने में मुकदमे दर्ज कराए हैं।
राजनगर एक्सटेंशन के रहने वाले सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से वह शेयर ट्रेडिंग करने वाले एक ग्रुप में जुड़े। जहां उन्हें यूनाइटेड किंगडम की कंपनी में निवेश करने पर 10 गुना तक की कमाई का झांसा दिया गया। जिसमें उनसे कई बार में 17.59 लाख रुपये निवेश करा लिए गए। उन्होंने जब 10 लाख रुपये निवेश कर दिए तो उनके वॉलेट में एक करोड़ रुपये दिखाए। उन्होंने रुपये निकालने का प्रयास किया तो और रकम की मांग करने लगे। तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ। इसी तरह राजनगर के रहने वाले दीपक गर्ग से 5.25 लाख रुपये और इंदिरापुरम के रहने वाले शताब्दी देब से 21.98 लाख रुपये अलग-अलग खातों में रुपये ट्रांसफर कराकर ठगी कर ली।
एडीसीपी अपराध सच्चिदानंद ने बताया कि ठगी गई रकम को फ्रीज कराने के लिए टीम लगी है। जिन खातों में रकम मंगवाई गई है उनकी जानकारी निकलवाई जा रही है।
रेस्तरां की रेटिंग कर कमाई का झांसा देकर 12.36 लाख ठगे
क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र के सिद्धार्थ विहार की रहने वाले हेमलता से ठगों ने घर बैठे कमाई का झांसा देकर 12.36 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने रेस्तरां की रेटिंग करने का टास्क देकर ठगी की। इसके लिए उन्होंने ऋण भी ले लिया। टास्क पूरा करने पर शुरुआत में उन्हें रुपये भी दिए गए बाद में ठगी कर ली।