सिकंदराबाद के निर्माणाधीन कोल्ड स्टोर में हादसा
- फोटो : अमर उजाला
सिकंदराबाद में शनिवार देर रात एक निर्माणाधीन वेजिटेबल कोल्ड स्टोर का स्ट्रक्चर धंसने से बेसमेंट में काम कर रहे चार मजदूर दब गए। हादसे के बाद दो मजदूरों को बाहर निकाला गया। जबकि दो को निकालने के लिए बचाव अभियान रविवार देर रात तक जारी था। घटना से नाराज लोगों ने शाम के वक्त कोल्ड स्टोर पर पथराव कर खुर्जा तिराहे पर जाम लगा दिया।
नोएडा के रहने वाले सेवानिवृत्त कर्नल सुभाष देशवाल इस कोल्ड स्टोर को बनवा रहे हैं। बिल्डिंग का एक तरफ का काम पूरा हो चुका है। लेकिन अभी बेसमेंट में काम चल रहा है। इस कोल्ड स्टोर के बनने के बाद किसान यहां सब्जियों को स्टोर कर सकेंगे। काम के दौरान कोल्ड स्टोर के ऊपर का हिस्सा नीचे खिसक गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। प्रशासन की ओर से राहत बचाव कार्य शुरू हुआ। हादसे के दौरान आकाश नाम के एक मजदूर को बाहर निकाल लिया गया। 19 घंटे बाद रविवार शाम को गौरव नाम के एक मजदूर को बाहर निकाला गया। दो और मजदूरों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। डीएम सीपी सिंह ने कहा कि मजदूरों को बाहर निकालने का काम जारी है। परिजनों को जो भी मदद है वह दी जाएगी। प्रशासन हर तरह की मदद के लिए तैयार है।