गाजियाबाद। सदर विधानसभा सीट पर होने वाले उप चुनाव में नामांकन के लिए अब सिर्फ चार दिन बचे हैं। 25 अक्तूबर को नामांकन की अंतिम तिथि है लेकिन अभी तक किसी ने भी नामांकन नहीं भरा है। प्रमुख राष्ट्रीय पार्टियों के उम्मीदवारों की घोषणा न होने की वजह से अभी तक नामांकन पत्र भी नहीं खरीदे गए हैं।
नामांकन के तीसरे दिन बसपा, असपा सहित अन्य पार्टियों के सदस्यों व निर्दलीय उम्मीदवारों ने कुल 13 नामांकन पत्र खरीदे हैं। सोमवार को राष्ट्रीय जनलोक पार्टी के धर्मेंद्र सिंह और निर्दलीय मिथुन जायसवाल ने नामांकन फार्म खरीदा। पहले दिन छह फार्म खरीदे गए थे और दूसरे दिन पांच फार्म खरीदे गए थे।
भाजपा और गठबंधन से किसी प्रत्याशी की घोषणा नहीं होने से दावेदारों के दिलों की धड़कनें तेज हो गई हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि केंद्रीय संगठन के पास नाम पहुंच गए हैं। आज शाम तक सूची जारी होने की उम्मीद है। भाजपा से तीन नामों पर प्रमुखता से मंथन चल रहा है। गठबंधन में अभी तय नहीं हो पा रहा है कि शहर सीट से सपा का उम्मीदवार बनाया जाएगा या कांग्रेस का उम्मीदवार। हालांकि दोनों दलों के नेताओं का कहना है कि चाहे जिस दल से प्रत्याशी उतारा जाए, संगठन पूरी तरह से तैयार है।
मुचलका पाबंद होंगे संगीन अपराध करने वाले
गाजियाबाद। उपचुनाव को लेकर लगी आदर्श आचार संहिता में पुलिस ने अपना काम करना शुरू कर दिया है। सदर विधानसभा क्षेत्र में क्रॉसिंग रिपब्लिक, विजयनगर, सिहानी गेट, नगर कोतवाली, नंदग्राम और कविनगर का कुछ हिस्सा है। संगीन अपराध करने वाले व चुनाव को प्रभावित करने वाले इन क्षेत्रों में रहने वालों को मुचलके पाबंद किया जाएगा। पुलिस आयुक्त अजय कुमार मिश्र ने बताया कि अभी तक करीब 100 लोगों को मुचलका पाबंद किया गया है।
सुरक्षा गार्ड व व्यापारियों को नहीं जमा करने पड़ेंगे शस्त्र
पुलिस आयुक्त अजय मिश्र ने बताया कि सुरक्षा गार्ड व व्यापारियों को शस्त्र जमा करने में छूट दी जाएगी। सुरक्षा के मद्देनजर सुरक्षा गार्ड व व्यापारियों के शस्त्र जमा नहीं कराए जाएंगे। 7392 में से करीब 450 लाइसेंसधारियों के शस्त्र जमा कराए जा चुके हैं। अन्यों के भी जल्द जमा कराए दिए जाएंगे।