गाजियाबाद। भगत सिंह की जयंती पर सैनिक संस्था के स्टेपओवर प्रोजेक्ट और डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से जिला स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। यह टूर्नामेंट सरकारी स्कूलों की टीमों के बीच खेला गया। टूर्नामेंट का खिताब कम्पोजिट विद्यालय गांधी नगर ने अपने नाम किया, जबकि कंपोजिट विद्यालय मधुबन बापूधाम उपविजेता रहा। प्रतियोगिता में कंपोजिट विद्यालय डासना गेट, लाल क्वार्टर, बम्हेटा, पप्पू कॉलोनी और राइट गंज की टीमें भी शामिल रहीं। स्टेपओवर प्रोजेक्ट के संयोजक इशान त्यागी ने कहा कि भगत सिंह का सपना था कि नौजवान देश के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। खेल बच्चों को न सिर्फ आगे बढ़ने का मार्ग दिखाता है, बल्कि समाज के प्रति जागरूक भी बनाता है। उन्होंने कहा कि भारत की जनवादी नौजवान सभा के दिल्ली राज्य सचिव अमन और राज्य अध्यक्ष रिक्ता ने अपने संबोधन में कहा कि भगत सिंह ने हमेशा शोषण और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई थी। हम चाहते हैं कि आज के युवा खेल के साथ-साथ जनता की वास्तविक मांगों और संघर्षों को भी समझें और उनका साथ दें। इस अवसर पर स्थानीय ट्रेड यूनियन सीटू के प्रतिनिधि कामरेड बृजेश, ईश्वर त्यागी और त्रिफूल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।