साहिबाबाद। शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में दिल्ली वजीराबाद रोड से सोमवार शाम फ्लाइंग स्क्वाड टीम ने एक ठेकेदार की गाड़ी से छह लाख रुपये पकड़े। वह गोविंदपुरम से भोपुरा की तरफ जा रहे थे। टीम के अधिकारी ठेकेदार को नकदी के साथ शालीमार गार्डन थाने ले गए। वहां पुलिस ने पूछताछ के बाद नकदी को जब्त कर लिया।
एसीपी शालीमार गार्डन सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि फ्लाइंग स्क्वायड ने चेकिंग के दौरान कार को रोका। शक होने पर गाड़ी की तलाशी ली तो युवक के पास काले रंग के बैग में 6 लाख रुपये की नकदी मिली। टीम ने तुरंत बैग को कब्जे में लेकर युवक से पूछताछ की लेकिन वह काफी घबरा गए। टीम उन्हें तुरंत थाने ले गई। वहां पुलिस और टीम ने नकदी के बारे में पूछताछ की जिसमें कार सवार ने अपना नाम गोविंदपुरम निवासी विपिन गर्ग बताया। विपिन ने कहा कि वह ठेकेदार हैं और भोपुरा में उनका एक साइट पर निर्माणकार्य चल रहा है। वहां मजदूरों को रुपये देने के लिए नकदी लेकर जा रहे थे। टीम ने उनसे नकदी के संबंध में कागजात मांगे जिसे वह दिखा नहीं पाए। इसके बाद पुलिस ने नकदी को जब्त कर लिया। एसीपी के मुताबिक, ठेकेदार को कागजात जमा करने के लिए कहा गया है।