माई सिटी रिपोर्टर
वैशाली। वैशाली सेक्टर 6 स्थित डिवाइन सोसायटी में शुभम अपार्टमेंट के पहले फ्लोर पर फ्लैट में बुधवार रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग की लपटें देरी से पूरे फ्लैट में फैल गईं, जिससे अलमारी और फ्रिज समेत सारा सामान जलकर राख हो गया। अग्निशमन कर्मियों ने तीन गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया। आग से कोई जनहानि नहीं हुई है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि शुभम अपार्टमेंट के पहले फ्लोर पर रहने वाले सलभ सिंगल के फ्लैट में मनोज चौहान परिवार के साथ रहते हैं। बुधवार को वह ड्यूटी गए थे। घर पर पत्नी और परिवार के अन्य लोग थे। रात 10 :15 बजे करीब उनकी पत्नी खाना खाकर बाहर टहलने गई थी। तभी अचानक फ्लैट में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली की आसपास के लोग बाल्टी में पानी लेकर उसे बुझाने दौड़ पड़े लेकिन आग काबू नहीं हुई। फ्लैट में आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई। वैशाली फायर स्टेशन से तत्काल दो गाड़ी रवाना हो गई। अग्निशमन कर्मियों ने गाड़ी को सोसाइटी में अंदर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन सड़क किनारे वाहन खड़ा होने और संकरी गली की वजह से दमकल की गाड़ी अंदर नहीं जा पाई। इसके बाद अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद फ्लैट तक लंबी होज लाइन बिछाकर आग बुझाने का काम शुरू किया। फ्लैट के दरवाजे बंद होने से अग्निशमन कर्मियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सबसे पहले टीम ने बालकनी में रखे सामान की आग को बुझाया। उसके बाद दरवाजा किसी तरह खोल कर कमरों में बचाव कार्य शुरू किया। टीम जैसे ही कमरों में पहुंचे तो वहां कपड़े और अन्य सामान चल रहे थे जबकि रसोई में रखे गैस सिलेंडर को अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल बाहर निकाला। वैशाली फायर स्टेशन के ऑफिसर कुंवर पाल सिंह ने बताया कि आग लगने से फ्लैट का सारा सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि आग लगने के दौरान परिवार का कोई सदस्य अंदर मौजूद नहीं था, जिस कारण आग से कोई जनहानि नहीं हुई।