साउथ साइड जीटी रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित हार्डवेयर जोन में बृहस्पतिवार सुबह हैंडल बनाने वाली फैक्ट्री में आग लग गई। आग की लपटें फैक्ट्री की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे से उठकर छत पर लगे एसी और अन्य उपकरणों तक पहुंच गईं। सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने तीन फायर टेंडरों की मदद से आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई।
सीएफओ सौरभ सिंह ने बताया कि फायर स्टेशन कोतवाली को बृहस्पतिवार सुबह 7:57 बजे सीपी सेंचुरी के पास ए-4/3/22 स्थित हैंडल बनाने वाली फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली। अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में तीन फायर टेंडर तत्काल मौके पर भेजे गए। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर देखा कि फैक्ट्री के ऊपरी तल पर बने एक कमरे में आग लगी हुई थी। आग की लपटें छत पर लगे एसी और अन्य उपकरणों तक पहुंच चुकी थीं।
आग की गंभीरता को देखते हुए दमकलकर्मियों ने चार होज पाइप की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। तत्परता और सूझबूझ से कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। दमकलकर्मियों ने आग को आसपास की फैक्ट्रियों तक फैलने से भी रोक दिया। घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस, फैक्ट्री कर्मचारी और मालिक अरुण कुमार मौजूद रहे। समय रहते आग बुझने से बड़ा हादसा टल गया।