साहिबाबाद। थानाक्षेत्र के राजेंद्र नगर स्थित श्याम पार्क में संचालित होटल प्लूटो रेजिडेंसी में सोमवार सुबह करीब 5ः29 बजे आग धधक उठी। आग होटल की तीसरी मंजिल पर बने रसोईघर में लगी थी। इसके अलावा स्टोर और एलिवेशन में आग फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर होटल कर्मचारियों को आग का पता चला। आनन-फानन होटल में ठहरे हुए लोगों को बाहर निकाला गया। वहीं सूचना पर पहुंची दमकल की पांच गाड़ियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि होटल में आग की सूचना मिलते ही कोतवाली और वैशाली फायर स्टेशन से पांच फायर टेंडर मौके पर भेजे गए थे। बताया कि जब तक दमकल की टीम मौके पर पहुंची तब तक आग होटल की तीसरी मंजिल में पूरी तरह फैल चुकी थी। यहां तक कि आग की लपटों ने होटल के एलिवेशन एरिया को भी अपनी चपेट में ले लिया था। गनीमत थी कि तीसरी मंजिल पर कोई व्यक्ति नहीं था। होटल के प्रथम मंजिल पर करीब सात-आठ कमरों में लोग ठहरे हुए थे। मौके पर पहले से मौजूद स्थानीय पुलिस और होटल कर्मचारियों ने सभी को बाहर निकाला और आसपास बने मकानों को भी खाली करवाया। इस दौरान आग की ऊंची-ऊंची लपटों और धुएं के गुबार से इलाके में भी अफरा-तफरी मच गई। सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि दमकल के पांच वाटर टेंडराें की मदद से करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया था। सीएफओ ने बताया कि हादसे में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है। आग किस वजह से लगी इसकी जांच एक टीम करेगी और आर्थिक नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।