गाजियाबाद। कविनगर औद्योगिक क्षेत्र में अगरबत्ती व धूपबत्ती बनाने की फैक्टरी में बुधवार तड़के संदिग्ध परिस्थिति में आग लग गई। दमकल की 10 टीमों ने करीब तीन घंटे में आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि फैक्टरी में आग लगने की जानकारी पर पहले एक टीम को भेजा गया लेकिन आग तीनों मंजिल पर फैल चुकी थी। स्थिति बेकाबू होती देख मौके पर साहिबाबाद, मोदीनगर से भी टीमों को बुलाया गया। तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जब आग लगी तो फैक्टरी में कुछ सुरक्षाकर्मी और कर्मचारी भी थे, जो समय रहते बाहर आ गए और उन्होंने ही मालिक और पुलिस को इसकी सूचना दी। इसमें कितने रुपये का नुकसान हुआ, इसका आंकलन अभी नहीं हुआ है। आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है।