गाजियाबाद। घंटाघर कोतवाली क्षेत्र के चौपला बाजार स्थित घी के गोदाम में रविवार रात आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल की चार गाड़ियों ने करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया। आग लगने की वजह शाॅर्ट सर्किट बताया जा रहा है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि करीब साढ़े नौ बजे फायर विभाग को सूचना मिली कि केदार घी वालों के पहली मंजिल पर स्थित गोदाम में आग लग गई। मौके पर चार दमकल की गाड़ियों को भेजा गया। करीब दो घंटे में आग बुझा दी गई। एसीपी रितेश त्रिपाठी ने बताया कि अमित मावे की दुकान के ऊपर महेश चंद कंसल का पहली मंजिल पर घी और घेवर बनाने का काम होता है। कर्मचारी काम निपटाकर निकल गए थे तभी शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई। जब तक आसपास के लोगों को पता चला तब तब आग ने पूरी बिल्डिंग को अपने कब्जे मेें ले लिया। आग की लपटे इतनी तेज और ऊंची थी कि वहां से गुजरने वाले लोग भी घबरा गए। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के घरों को खाली करा दिया गया। घटना की जांच की जा रही है। मामले में कोई जनहानि नहीं हुई है। दुकानदार ने बताया कि आग से लाखों का नुकसान हुआ है।