साहिबाबाद/लोनी। ट्रॉनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र में ड्राई फ्रूट्स प्रोसेसिंग एंड पैकेजिंग कंपनी के गोदाम में रविवार सुबह दस बजे अचानक आग लग गई। अग्निशमन की छह गाड़ियों से कर्मियों ने ढाई घंटे में आग पर काबू पाया गया। दोपहर पौने तीन बजे डीएलएफ पिंक बूथ के पास ट्रांसफार्मर में लगी आग फैलकर वाहनों तक पहुंच गई। इसमें चार गाड़ियां, एक स्कूटी और बाइक जल गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि ड्राई फ्रूट्स प्रोसेसिंग एंड पैकेजिंग कंपनी में भूतल पर कर्मचारी काम कर रहे थे। अचानक मशीन से आग लग गई, जो तेजी से फैलने लगी। कंपनी मालिक खुशबू की सूचना पर तत्काल दो फायर टेंडर टीम के साथ लोनी फायर स्टेशन से अधिकारी रवाना हो गए। टीम ने दो मंजिला भवन के भूतल पर लगी आग को पंपिंग करके बुझाना शुरू किया। आग बढ़ने पर धुएं से कर्मियों को काफी दिक्कत हो रही थी। ऐसे में तीन फायर टेंडर साहिबाबाद, वैशाली, कोतवाली घंटाघर फायर स्टेशन से घटनास्थल पर बुलाए गए। सभी कर्मचारी बाहर आ चुके थे। टीम ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत से आग बुझा ली। इसमें कंपनी और गोदाम मालिक का काफी नुकसान हो गया। बाद में एक टीम को बचाव एवं सुरक्षा के लिए दोपहर 12:30 बजे तक रोका गया। सीएफओ का कहना है कि डीएलएफ पिंक बूथ से 20-30 मीटर दूर ट्रांसफॉर्मर में आग लग गई। उसका गर्म तेल पास में गाड़ी गाडिय़ों पर फैल गया जिससे आग धधक कर लग गई। आग की लपटें उठती देखकर अग्निशमन को सूचना दी गई। साहिबाबाद स्टेशन से दो फायर टैंकर टीम के साथ पहुंचे जबकि एक यूनिट वैशाली से पहुंची। आग चार गाड़ियों तक पहुंच गई थी, जिनमें से तीन गाड़ियां पूरी तरह जल गईं जबकि चौथी गाड़ी आधी जली। इनके अलावा स्कूटी और बाइक को भी नुकसान हुआ है।